Amroha News: अमरोहा में प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलाकर दुष्कर्म के आरोपी का घर जमींदोज कर दिया गया। आरोपी किशोर बच्ची को बुग्गी पर बैठाने का लालच देकर खेत पर ले गया, जहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। लहूलुहान अवस्था में बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित परिवार की तरफ से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

अमरोहा जनपद के गांव में अनुसूचित जाति का परिवार रहता है। परिवार का मुखिया मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता है। पीड़िता पांच पुत्रियों में दूसरे नंबर की है और कक्षा दो की छात्रा है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले मुस्लिम परिवार का 17 वर्षीय किशोर छात्रा को बुग्गी पर बैठने का लालच देकर खेत पर ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची रोती हुई लहूलुहान अवस्था में घर पहुंची, जहां से उसके परिजन इलाज के लिए अस्पताल ले गए।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई। छात्रा के साथ दुष्कर्म की खबर गांव में फैल गई जिसके बाद वहां तनाव की स्थिति बन गई। घटना के बाद आरोपी का परिवार गांव छोड़कर फरार हो गया। जांच में पता चला कि आरोपी का घर ग्राम पंचायत की जमीन पर बना है। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए अवैध घर पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरु कर दी है।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version