गोंडा: भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO को सावधानी बरतने की सलाह दी है। अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO के तौर पर एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा की नियुक्ति पर बृजभूषण शरण सिंह ने उन्हें बधाई तो दी लेकिन साथ ही एक अहम सलाह भी दे डाली।

बता दें कि अभी दो दिनों पहले ही जितेंद्र मिश्रा को राम जन्मभूमि ट्रस्ट का CEO बनाया गया है। इसको लेकर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, इसके लिए हम उनको बधाई देते हैं, लेकिन जैसे कहा जाता है कि ऑपरेशन सिंदूर में उन्होंने काम किया है और अच्छा काम किया है। लेकिन यहां की स्थिति अलग-अलग है, यहां गुप्त शत्रु हैं, तो थोड़ा सावधानी बरतनी पड़ेगी।

नेपाल बाढ़ त्रासदी के लिए चीन को बताया जिम्मेदार

वहीं नेपाल में आई बाढ़ त्रासदी और जलवायु परिवर्तन पर मुआवजे की मांग पर बृजभूषण ने कहा कि भारत हमेशा नेपाल के साथ खड़ा रहा है। साथ ही उन्होंने पानी छोड़े जाने में चीन के हाथ होने की अफवाह का भी जिक्र किया।

बृजभूषण ने कहा कि भारत हमेशा नेपाल के हर सुख और दुःख में खड़ा रहा है। एक अफवाह तो ये भी उड़ी है कि ये जो पानी छोड़ा गया उसमें भी षड्यंत्र है, हम इसकी पुष्टि नहीं करते लेकिन अफवाह तो है कि उसमें चाइना का हाथ है।

राहुल गांधी की ब्रिटिश नागरिकता पर तंज

राहुल गांधी की ब्रिटिश नागरिकता मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से याचिका खारिज होने और राहुल के संविधान की लाल किताब दिखाने पर बृजभूषण ने तीखा तंज कसा।

उन्होंने कहा कोर्ट का फैसला है और वर्तमान समय में राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष हैं। इस देश के अंदर कोई राजनैतिक व्यक्ति या राजनैतिक दल हिंदू समाज और हिंदू देवी-देवताओं को इग्नोर करके नहीं चल सकता है। अगर वो चलेगा तो परिणाम जीरो ही रहेगा।

वहीं कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के 2027 चुनाव में कांग्रेस के मजबूत होने के दावे पर बृजभूषण ने कहा कि सब खुद को मजबूत ही बताते हैं, आने वाले समय में पता चल जाएगा।

रिपोर्ट: विशाल सिंह

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version