गोरखपुर: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर यूपी के गोरखपुर जिला कारागार में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। जेल परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को विशेष रूप से मनाने की तैयारी की जा रही है। इस अवसर पर करीब 250 बंदियों ने व्रत रखा है।

जेल प्रशासन की देखरेख में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के लिए विशेष झांकी तैयार की जा रही है। बंदी भी तैयारियों में उत्साह के साथ सहयोग कर रहे हैं। जन्माष्टमी के मौके पर जेल परिसर में धार्मिक और भक्तिमय माहौल देखने को मिलेगा।

जेल में जन्माष्टमी की स्पेशल तैयारी

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण का जन्म भी कारागार में हुआ था। ऐसे में गोरखपुर जिला कारागार में आयोजित होने वाला जन्मोत्सव विशेष महत्व रखता है।

ये भी पढ़ें: जन्माष्टमी के दिन किसकी बदलेगी किस्मत? जानें सभी 12 राशियों का हाल

जेल प्रशासन के अनुसार जन्माष्टमी के अवसर पर पूजा-अर्चना और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन किया जाएगा। फिलहाल झांकी को अंतिम रूप देने का काम तेजी से चल रहा है।

गोरखनाथ मंदिर में भी जन्माष्टमी की धूम

जेल के अलावा गोरखनाथ मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व परंपरा, भव्यता और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। शाम सात बजे से शुरू होने वाले कार्यक्रमों का समापन रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के साथ होगा। इस अवसर पर भजन-कीर्तन के बीच गोरक्षपीठाधीश्वर भगवान श्रीकृष्ण के बालरूप को पालने में झुलाएंगे।

ये भी पढ़ें: जन्माष्टमी पर योगी सरकार का बड़ा तोहफा, ब्रज क्षेत्र में 1051 करोड़ के विकास कार्यों का शुभारंभ

गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ ने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में बच्चों के लिए श्रीकृष्ण बालरूप सज्जा प्रतियोगिता और भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में बच्चे श्रीकृष्ण के बालरूप में सजकर हिस्सा लेंगे।

लोक गायक राकेश श्रीवास्तव की टीम द्वारा बालरूप सज्जा प्रतियोगिता दो वर्गों में कराई जाएगी। कान्हा वर्ग में एक से पांच वर्ष और गोपाल वर्ग में छह से आठ वर्ष तक के बच्चे हिस्सा ले सकेंगे।

रिपोर्ट: मुकेश कुमार

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version