hit and run: गोंडा के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां गोंडा-लखनऊ मार्ग पर नरायनपुर भलियनपुरवा के पास सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई। बुधवार देर रात करीब 10 बजे एक तेज रफ्तार एक्सयूवी कार ने 9 लोगों को रौंद दिया।

करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के नरायनपुर भलियनपुरवा में एक अनियंत्रित कार ने सड़क पर पैदल जा रहे राहगीरों और बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। आसपास के लोग घटना में घायल लोगों की मदद के लिए घटनास्थल पर पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार एसयूवी ने मदद कर रहे लोगों को भी कुचल दिया। एसयूवी चालक मौके से फरार हो गया।

इस भीषण हादसे में चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर दौड़े स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

इस हादसे में सूर्यवंशी पुरवा निवासी 25 वर्षीय गुलशन, भलियनपुरवा निवासी 40 वर्षीय हसन मोहम्मद व इम्तियाज अली तथा तरहटा निवासी संजय कुमार तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के शिकार विनय प्रताप सिंह, तबरेज अली, परवेज, अंशुमान और शन्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज जिला मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही करनैलगंज विधानसभा के क्षेत्रीय भाजपा विधायक अजय सिंह तथा जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन घायलों को देखने अस्पताल पहुंचे। गंभीर रूप से घायल परवेज और अंशुमान को लखनऊ रेफर कर दिया गया है। वहीं पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

दुर्घटना में शामिल वाहन और एक युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। जिलाधिकारी का कहना है कि सभी मृतकों और घायलों की रिपोर्ट शासन को भेजी जा रही है।

रिपोर्ट- विशाल सिंह (गोंडा)
लेखक- सोनू सिंह

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version