दिल्ली के रोहिणी में बड़ा हादसा: निर्माणाधीन इमारत ढही, 3 लोगों की मौत; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-16 में मंगलवार शाम बड़ा हादसा हो गया। यहां एक निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इमारत गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पूरे क्षेत्र में धूल का गुबार फैल गया।
हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस, एनडीआरएफ और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आशंका जताई जा रही है कि कुछ लोग अभी भी मलबे में फंसे हो सकते हैं।
मलबे से निकाले गए लोग, 3 की मौत
रेस्क्यू टीमों ने मलबे से कई लोगों को बाहर निकाला। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति घायल बताया जा रहा है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
इससे पहले स्थानीय लोगों ने भी अपनी मदद से एक व्यक्ति को मलबे से बाहर निकाला था, जिसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस और पुलिस की टीमें लगातार मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रही हैं। मौके पर राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।
फिलहाल प्रशासन की टीमें हादसे के कारणों की जांच में जुटी हैं। वहीं, इस घटना के बाद निर्माणाधीन इमारतों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

