गाजियाबाद: दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाबाद में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। मामला मुरादनगर थाना क्षेत्र के कन्नौजा गांव का है जहां नाम के साथ ‘भाई’ न बोलने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।

नाम के साथ भाई नहीं बोलने पर बवाल

बताया जा रहा है कि नाम के साथ भाई नहीं बोलने पर दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इस दौरान चाकू और तलवार से हमला किए जाने के भी आरोप है। हिंसक संघर्ष में 50 साल के देवेंद्र शर्मा उर्फ लाला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।

घायलों में अंकित शर्मा और सचिन शर्मा शामिल हैं, जिन्हें उपचार के लिए पहले सीएचसी मुरादनगर ले जाया गया और उसके बाद एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गांव में भारी पुलिस बल तैनात

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल है। सूचना मिलते ही मुरादनगर थाना पुलिस भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

इस मामले में मोहित शर्मा, पुत्र जितेंद्र, सोनू शर्मा, मोहित शर्मा पुत्र सीताराम, प्रिंस, विकास, दीपू शर्मा और शोएब के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पुलिस की मौजूदगी में गांव में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

रिपोर्ट: आदर्श कुमार

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version