नई दिल्ली: आध्यात्मिक गुरु, ज्योतिषी और मोटिवेटर पारस भाई गुरु जी ने एक नई राजनीतिक पार्टी बनाने का भी ऐलान किया है जिसके बाद राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है। दरअसल दिल्ली के सूरजमल विहार स्थित यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में ‘दिल की बात’ कार्यक्रम आयोजित किया गया था जहां उन्होंने इसका ऐलान किया।

इस दौरान पारस भाई गुरु जी ने कहा कि आज से हर्षित वेलफेयर फाउंडेशन बच्चों के लिए काम करेगा और जरूरतमंद बच्चों को हर तरह का सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन को मिलने वाला एक-एक रुपया बच्चों की मदद और सहयोग के काम में लगाया जाएगा।

पारस भाई गुरु जी ने नई पार्टी बनाने का किया ऐलान

पारस भाई गुरु जी ने कार्यक्रम के दौरान सच बोलने और सुरक्षा-न्याय के मुद्दों को लेकर नई राजनीतिक पार्टी बनाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी में अच्छे और ईमानदार लोगों को जोड़ा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि वो खुद चुनाव नहीं लड़ेंगे, बल्कि अच्छे लोगों को तलाशकर उन्हें लोकसभा और विधानसभा चुनाव में मैदान में उतारेंगे।

खुद करूंगा चंद्रगुप्त की तलाश: पारस भाई गुरु जी

पारस भाई गुरु जी ने खुद को ‘छोटा चाणक्य’ बताते हुए कहा कि वो ‘चंद्रगुप्त’ की तलाश करेंगे और अच्छे लोगों को राजनीति में आगे लाएंगे। उन्होंने कहा कि आज की राजनीति में हिंदू-मुस्लिम जैसे मुद्दे हावी हैं, लेकिन उनकी पार्टी सुरक्षा और न्याय की बात करेगी।

पारस भाई गुरु जी ने दावा किया कि अगर चुनाव के दौरान उन्हें किसी दूसरी पार्टी की ओर से संपर्क किया जाता है, तो उसे ब्लैकमेलिंग के तौर पर समझा जाए। उन्होंने कहा कि दुनिया की नजर में सौ बार गिर जाओ, लेकिन अपनी नजर में नहीं गिरना चाहिए। साथ ही उन्होंने भारत माता की सेवा करने की बात कही। उन्होंने बताया कि 31 दिसंबर के बाद वो कुंडली बनाने का काम नहीं करेंगे और आगे के सभी काम अपराजिता धाम से करेंगे.

 

 

 

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version