लखनऊ: अंकित बालियान हत्याकांड (Ankit Balian murder) में दो शूटरों के पुलिस एनकाउंटर में मारे जाने के बाद अब यूपी में इस पर राजनीति तेज हो गई है। अखिलेश यादव ने इस एनकाउंटर को लेकर कहा कि इससे जाट समुदाय में आक्रोश है जिसके बाद बीजेपी नेता संगीत सोम ने उन पर पलटवार करते हुए उन्हें अपराधियों का अब्बा करार दे दिया। जयंत चौधरी ने भी इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है.
दरअसल अंकित बालियान की हत्या के पांच दिन बाद शामली की सदर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने आरोपियों को दबोचने के लिए विशेष अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्धों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में दोनों आरोपी सुमित और मोहित मारे गए।
अखिलेश ने एनकाउंटर पर क्या कहा था ?
इसी एनकाउंटर को लेकर बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘इस घटना से पूरे उत्तर प्रदेश के जाट समुदाय में आक्रोश है।’ अखिलेश यादव के इस बयान पर बीजेपी से लेकर राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने भी पलटवार किया है।
ये भी पढ़ें: योगीराज में अपराधियों की खैर नहीं, अंकित बालियान हत्याकंड में दो आरोपी ढेर
‘अखिलेश यादव अपराधियों के अब्बा’: सोम
बीजेपी के सरधाना से विधायक संगीत सोम ने अखिलेश यादव पर पलटवार करते हुए कहा, ‘अखिलेश यादव अपराधियों के अब्बा बन गए हैं, STF जैसी फोर्स को जातीय रूप से देखना गलत है, अखिलेश यादव ही सबसे ज्यादा जातिवाद करते हैं।’ उन्होंने अखिलेश यादव के PDA का फुल फॉर्म, पापी, डकैत, अपराधी’ भी बता दिया।
जयंत चौधरी ने भी किया पलटवार
वहीं अखिलेश के बयान पर राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने भी अखिलेश यादव को जवाब दिया। जयंत चौधरी ने कहा कि हत्या जैसे संगीन अपराध में मृतक की जाति की तलाश करना अपने आप में संवेदनहीनता है।

