गाजियाबाद में चलती कार के अंदर पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन के द्वारा अवैध तरीके से भ्रूण लिंग जांच चल रही थी। मुखबिर की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग और पुलिस ने मिलकर इसका खुलासा किया है। आरोपी पहले भी इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल रहा है। पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह काफी समय से इस कार्य को कर रहे थे।

गाजियाबाद स्वास्थ्य विभाग ने पुलिस के साथ मिलकर भ्रूण लिंग जांच करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन के द्वारा महिला के गर्भ में पल रहे भ्रूण लिंग की जांच कर रहे थे। आरोप है कि मोटी रकम लेकर यह काम किया जा रहा था। गाजियाबाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन की जांच की जिसके बाद पुलिस ने मशीन को सील कर दिया।

गाजियाबाद में स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार देर रात मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए कोतवाली क्षेत्र में एक कार को रोका। आरोप है कि कार संख्या UP14 FL 9355 में एक पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन मिली जिसके जरिए अवैध भ्रूण जांच का कार्य किया जा रहा था। मौके से कार में सवार संदीप, सलमान, शाहिद और तस्लीम को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुख्य आरोपी संदीप के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। वह पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है। जेल से आने के बाद संदीप एक गिरोह बनाकर भ्रूण जांच कर लिंग परीक्षण कर रहा था। जिसके एवज में वह सामने वाली पार्टी से मोटी रकम वसूल रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कही इस पूरे गिरोह के तार किसी डॉक्टर के साथ तो जुड़े नहीं है।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version