लखनऊ: उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू (H1N1 Influenza) के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रदेशभर में स्वाइन फ्लू की स्थिति की लगातार निगरानी करने और अस्पतालों में इलाज से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा-स्वास्थ्य और महानिदेशक स्वास्थ्य को निर्देश जारी कर जिलों में स्वाइन फ्लू के संदिग्ध और संक्रमित मरीजों की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मरीजों की समय पर पहचान और बेहतर उपचार व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

संदिग्ध मरीजों की पहचान पर जोर

ब्रजेश पाठक ने कहा कि अस्पतालों में आने वाले मरीजों की स्थिति पर विशेष नजर रखी जाए। गंभीर मरीजों की पहचान समय रहते होनी चाहिए, ताकि उन्हें तत्काल आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

उन्होंने सभी जिलों के स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वो अपने क्षेत्रों में स्वाइन फ्लू की स्थिति की समीक्षा करते रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करें।

अस्पतालों में दवा और जांच की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश

स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए जरूरी दवाओं, जांच सुविधाओं और उपचार व्यवस्थाओं को उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं।

ब्रजेश पाठक ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी मरीज को इलाज के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जिलों से मिलने वाली रिपोर्ट की समीक्षा की जा रही है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

उपमुख्यमंत्री ने प्रदेश वासियों से अपील की है कि स्वाइन फ्लू को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी बरतना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बुखार, सांस लेने में परेशानी या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें और लापरवाही न करें।

सरकार का कहना है कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत रखने और नागरिकों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

रिपोर्ट : राजेश सोनी

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version