लखनऊ: रक्षाबंधन से पहले उत्तर प्रदेश की बेटियों और महिलाओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई बड़ी सौगातें दी हैं। मुख्यमंत्री ने ऐलान किया है कि प्रदेश में स्नातक (ग्रेजुएशन) की पढ़ाई कर रही 50 हजार बेटियों को अक्टूबर-नवंबर में स्कूटी दी जाएगी।
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं को यूपी रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की महिलाएं अब चूल्हे से निकलकर चेक, कारोबार और टेक्नोलॉजी तक पहुंच रही हैं। सरकार का लक्ष्य महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़ाना है।
महिलाओं के लिए सरकार की योजनाओं का जिक्र
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में करीब साढ़े 12 करोड़ महिलाएं हैं और सरकार उनकी शिक्षा, सुरक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता को लेकर लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बेटी के जन्म से लेकर उसकी पढ़ाई, सुरक्षा और रोजगार तक सरकार ने एक पूरा इकोसिस्टम तैयार किया है।
मुख्यमंत्री ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सुशासन, संस्कृति संरक्षण और महिला स्वावलंबन की मिसाल पेश की थी। प्रदेश के कई जिलों में कामकाजी महिलाओं के लिए अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर छात्रावास बनाए जा रहे हैं, जहां महिलाओं के रहने की सुविधा उपलब्ध होगी।
महिला भागीदारी 50 फीसदी तक पहुंचाने का लक्ष्य
सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में महिला कार्यबल की भागीदारी काफी कम थी, जो अब बढ़कर 36 फीसदी तक पहुंच गई है। सरकार का लक्ष्य इसे 50 फीसदी तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आज बेटियां नाइट शिफ्ट में भी सुरक्षित काम कर रही हैं। महिला सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति, महिला हेल्प डेस्क, 1090, 112 और एआई आधारित सेफ सिटी नेटवर्क जैसी व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।
पुलिस बल में बढ़ेगी महिलाओं की संख्या
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या 2017 में करीब 10 हजार थी, जो अब बढ़कर 45 हजार हो गई है। आने वाली भर्तियों के बाद यह संख्या 50 हजार तक पहुंच जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि हर बेटी सुरक्षित महसूस करे और अपने सपनों को पूरा करने के लिए आगे बढ़ सके।
रिपोर्ट: अभिषेक कुमार पाण्डेय


