रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में पुलिस ने गोवंश वध मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

मामला रामपुर के सैफनी थाना क्षेत्र का है, जहां बीते 18 जुलाई को सड़क पर गोवंशीय पशुओं के कटे हुए अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

25 हजार का इनामी गजराज गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस को इस घटना में गजराज उर्फ टीटू यादव के शामिल होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई थी। फरार आरोपी पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस के मुताबिक, सैफनी थाना प्रभारी पंकज पंत को सूचना मिली थी कि आरोपी बाइक से क्षेत्र में आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया।

अवैध तमंचा, कारतूस, छुरी बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, एक थैले में रखी छुरी और रस्सी बरामद की गई है। इसके अलावा आरोपी की बाइक भी पुलिस ने जब्त कर ली है।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मामले में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। अधिकारियों का कहना है कि गोवंशीय अपराधों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और फरार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट: मुजस्सिम खान

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version