Trending Topics:

संतकबीरनगर के बेटे ने रचा इतिहास, जेईई एडवांस 2026 में चमका मोहम्मद ओवैस का नाम

संतकबीरनगर, यूपी | मिथिलेश कुमार धुरिया

संतकबीरनगर जिले के सेमरियावां ब्लॉक स्थित ग्राम छपिया छितौना के 18 वर्षीय मोहम्मद ओवैस ने जेईई एडवांस 2026 में शानदार सफलता हासिल कर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर दिया है। उनकी इस उपलब्धि से न सिर्फ परिवार बल्कि पूरा गांव और जिला गौरवान्वित महसूस कर रहा है।

मसरूर आलम के पुत्र मोहम्मद ओवैस ने इससे पहले जेईई मेन 2026 में 96.72 पर्सेंटाइल हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। इसके बाद उन्होंने प्रतिष्ठित आईआईटी जीनियस परीक्षा में देशभर के टॉप-20 छात्रों में स्थान बनाकर एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की।

ओवैस की प्रतिभा केवल इंजीनियरिंग परीक्षाओं तक सीमित नहीं रही। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय फिजिक्स ब्रॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्लोबल रैंक-31 प्राप्त की, जो उनकी वैज्ञानिक सोच और मेहनत का प्रमाण है।

सफलता की खबर गांव पहुंचते ही खुशी की लहर दौड़ गई। टेमा चौराहे पर ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उनका भव्य स्वागत किया। फूल-मालाओं से अभिनंदन किया गया, केक काटा गया और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया गया। हर कोई इस होनहार छात्र की सफलता पर गर्व महसूस कर रहा है।

मोहम्मद ओवैस की यह उपलब्धि आज जिले के हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। सीमित संसाधनों के बावजूद कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने साबित कर दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो कोई भी मंजिल असंभव नहीं होती।

यह सफलता केवल एक छात्र की जीत नहीं, बल्कि पूरे संतकबीरनगर जिले के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उनके इस सफर ने यह संदेश दिया है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर या संसाधनों की मोहताज नहीं होती, बल्कि मेहनत और लगन ही सफलता की असली कुंजी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version