Trending Topics:

गाजियाबाद कमिश्नरेट की एंटी-इवेजन शाखा ने एक आवासीय परिसर में चल रही अवैध पान मसाला और तंबाकू निर्माण इकाई का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) गाजियाबाद कमिश्नरेट की एंटी-इवेजन टीम ने साहिबाबाद के वृंदावन गार्डन इलाके में एक रिहायशी परिसर के अंदर चल रही अवैध पान मसाला और तंबाकू निर्माण इकाई का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में विभाग ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

“‘CITI’ पान मसाला और ‘AJ-07’ तंबाकू उत्पादों की पैकिंग मशीनें बरामद”

CGST अधिकारियों ने CGST Act 2017 और HSNS Act 2025 के तहत कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। जांच के दौरान मौके पर ‘CITI’ पान मसाला और ‘AJ-07’ तंबाकू उत्पादों की पैकिंग में इस्तेमाल हो रही दो पाउच पैकिंग मशीनें और एक सीलिंग मशीन चालू हालत में पाई गईं। छापेमारी में तैयार माल, कच्चा माल, पैकेजिंग सामग्री, मशीनरी और कई डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए। इसके साथ ही लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के तंबाकू उत्पाद भी बरामद किए गए। जांच में यह भी सामने आया कि बिना आवश्यक रजिस्ट्रेशन और बिना टैक्स/सेस जमा किए इन उत्पादों का अवैध निर्माण और वितरण किया जा रहा था। अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में अब तक 17.88 करोड़ रुपये से अधिक की टैक्स चोरी का खुलासा हुआ है, जबकि GST देनदारी का आकलन अभी जारी है।

“कार्रवाई के बाद दो आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे गए”

कार्रवाई के बाद संचित सेठ और मोहसिन खान को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। CGST गाजियाबाद के अपर आयुक्त (एंटी-इवेजन) साहिल सेठ ने कहा कि पान मसाला और तंबाकू क्षेत्र में हो रही टैक्स चोरी और अवैध निर्माण के खिलाफ विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। वहीं सहायक आयुक्त (एंटी-इवेजन) खुशबू ओबरॉय ने बताया कि इस मामले में जुड़े पूरे सप्लाई नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों की पहचान के लिए जांच चल रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version