बेंगलुरु में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूट के पास विस्फोटक मिलने के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के आरोप में एक पीएसआई और एक एएसआई सहित कुल 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। बेंगलुरु में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक के मामले में राज्य सरकार ने कड़ी कार्रवाई की है। इस महीने की शुरुआत में पीएम के प्रस्तावित रूट के पास विस्फोटक मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सवालों के घेरे में आ गई थीं। मामले में अब पुलिस विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए सुरक्षा ड्यूटी में गंभीर लापरवाही और ढिलाई बरतने के आरोप में कुल छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इनमें एक पुलिस सब इंस्पेक्टर (PSI), एक असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) और चार कांस्टेबल शामिल हैं। यह कार्रवाई बेंगलुरु दक्षिण के पुलिस अधीक्षक (SP) श्रीनिवास गौड़ा के आदेश के बाद की गई। आदेश में कहा गया है कि 10 मई को प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान तैनात इन अधिकारियों ने अपने कर्तव्यों का सही तरीके से पालन नहीं किया, जिसे गंभीर सुरक्षा चूक माना गया है।
वडेराहली गेट क्षेत्र में विस्फोटक मिलने से हड़कंप
दरअसल, ये विस्फोटक बेंगलुरु दक्षिण तालुक के वडेराहली गेट के पास से बरामद किए गए थे। खास बात यह है कि यह स्थान उसी क्षेत्र के करीब था, जहां इन छह निलंबित पुलिसकर्मियों की सुरक्षा ड्यूटी लगी हुई थी। अपने निर्धारित इलाके में संदिग्ध गतिविधियों या वस्तुओं पर नजर रखने में चूक करना इन पुलिसकर्मियों के लिए कार्रवाई की वजह बन गया। 10 मई को जब पीएम के रूट के पास विस्फोटक मिलने की जानकारी सामने आई, तो पुलिस विभाग में तुरंत हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल आंतरिक जांच शुरू की गई। जांच रिपोर्ट में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को शुरुआती तौर पर लापरवाह और जिम्मेदारी में चूक करने वाला पाया गया। इसके बाद विभाग ने अनुशासनहीनता के आधार पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की।फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

