नई दिल्ली: पाकिस्तान (Pakistan) के खैबर पख्तूनख्वा में शुकवार को नमाज के दौरान एक मस्जिद में भीषण धमाका हुआ जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई. इस बम ब्लास्ट में दर्जनों लोग घायल हो गए।
मस्जिद में ब्लास्ट
यह धमाका पख्तूनख्वा के कोहाट में ओल्ड पुलिस लाइन के पास मस्जिद में हुआ. रिपोर्ट के मुताबिक विस्फोटकों से लदी एक गाड़ी मस्जिद के बाहर दीवार से टकरा गई जिसके बाद वहां जोरदार धमाका हुआ और मस्जिद की दीवार गिर गई.
धमाके में दर्जनों लोग घायल
इस धमाके के बाद आसपास मौजूद लोगों ने गोलीबारी की आवाज भी सुनी। धमाका इतना जबरदस्त था कि मस्जिद के बाहर बड़ा सा गड्ढा बन गया। अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि कोहाट के डीएचक्यू अस्पताल में 25 घायलों को भर्ती कराया गया है जहां कई लोगों की हालत गंभीर है।
पूरे इलाके में इमरजेंसी लागू
इससे मरने वालों का आंकड़ा भी बढ़ सकता है. इस धमाके के बाद पूरे इलाके में इमरजेंसी लागू कर दी गई है। पुलिस और स्थानीय सुरक्षाबलों ने मस्जिद वाले पूरे इलाके को घेर लिया है और वहां सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. कोहाट-हंगू रोड पर ट्रैफिक को रोक दिया गया है और पूर क्षेत्र में अतिरिक्त सैनिकों को तैनात कर दिया।

