बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों को और अधिक तेज व प्रभावी बनाने के लिए आजमगढ़ प्रशासन ने बड़ी पहल की है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने सगड़ी तहसील के रामनगर बैजाबारी में प्रस्तावित ‘आपदा बचाव कंट्रोल सेंटर’ के निर्माण स्थल का निरीक्षण कर संबंधित विभागों को जल्द निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने सगड़ी तहसील के ग्राम रामनगर बैजाबारी पहुंचकर प्रस्तावित आपदा बचाव कंट्रोल सेंटर के लिए चिन्हित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड) को मुख्य मार्ग से कंट्रोल सेंटर तक मानक के अनुरूप संपर्क मार्ग बनाने, सड़क की फीलिंग कराने तथा निर्माण स्थल की भूमि को सुरक्षित ऊंचाई तक भरान कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तय समय में तैयार कर शासन को भेजने को कहा, ताकि परियोजना का कार्य शीघ्र शुरू हो सके।
उन्होंने विद्युत विभाग को भी निर्देशित किया कि निर्माण स्थल के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन को नियमानुसार तत्काल दूसरी जगह शिफ्ट किया जाए, जिससे निर्माण कार्य में कोई बाधा न आए। जिलाधिकारी ने बताया कि यह आपदा बचाव कंट्रोल सेंटर बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत और बचाव कार्यों का प्रमुख केंद्र होगा। यहां एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और अन्य रेस्क्यू टीमों के ठहरने, राहत एवं बचाव उपकरणों, आपातकालीन सामग्री तथा आवश्यक संसाधनों के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था रहेगी।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को नई गति मिलेगी और आपदा की स्थिति में प्रभावित लोगों तक त्वरित सहायता पहुंचाना और अधिक आसान होगा। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सगड़ी श्याम प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड), अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट-रामअवतार उपाध्याय/सोनू सिंह (आजमगढ़)

