मेरठ जिले के दादरी क्षेत्र स्थित सकौती फ्लाईओवर पर मंगलवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सुबह करीब 7 बजे उस समय हुआ, जब हरिद्वार से दिल्ली लौट रहे चार दोस्तों की तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
हादसे में मृतकों की पहचान आशुतोष कुमार मिश्रा (33) पुत्र संतोष कुमार, निवासी फेस-1, शिव विहार, करावल नगर, दिल्ली तथा शलेंद्र सिंह पुत्र जोरी सिंह, निवासी शिव विहार, दिल्ली के रूप में हुई है। तीसरे मृतक की पहचान नितेश शर्मा पुत्र रामू शर्मा, निवासी लालबाग, गाजियाबाद के रूप में हुई। वहीं मिथुन चौहान पुत्र समय सिंह गंभीर रूप से घायल हैं और उनका निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चारों युवक हरिद्वार से दिल्ली लौट रहे थे। सकौती फ्लाईओवर पर कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना हादसे की वजह माना जा रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। एक साथ तीन युवकों की मौत से परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
रिपोर्ट-अनमोल (मेरठ)/सोनू सिंह

