बुलंदशहर: यूपी के बुलंदशहर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के हेलीकॉप्टर को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली. इसके बाद प्रस्तावित दौरे को लेकर सियासी घमासान अब और तेज हो गया है।

अखिलेश यादव का पहले 12 सितंबर को बुलंदशहर आने का कार्यक्रम प्रस्तावित था, जिसके लिए सपा जिला संगठन की ओर से अनुमति मांगी गई थी। प्रशासन की ओर से 12 सितंबर के कार्यक्रम को अनुमति भी दे दी गई थी।

बुलंदशहर में आयोजित कार्यक्रम रद्द

इसके बाद लखनऊ से कार्यक्रम में बदलाव किया गया और अखिलेश यादव का दौरा 11 सितंबर को तय हुआ। नए कार्यक्रम के तहत कोतवाली नगर क्षेत्र के डीएम रोड स्थित ग्रीन इंडिया होटल में कार्यकर्ता सम्मेलन और प्रेस कॉन्फ्रेंस प्रस्तावित थी।

प्रशासन ने क्यों नहीं दी इजाजत

हालांकि, अखिलेश यादव के हेलीकॉप्टर की पुलिस लाइन मैदान में लैंडिंग की अनुमति प्रशासन की ओर से नहीं दी गई। पुलिस प्रशासन ने तकनीकी जांच में मैदान को वीवीआईपी हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने की बात कही। वहीं, सिटी मजिस्ट्रेट ने मैदान में पानी भरे होने का हवाला दिया।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। अब सपा जिलाध्यक्ष मतलूब अली ने जानकारी दी है कि हेलीकॉप्टर उतरने की अनुमति नहीं मिलने के कारण 11 सितंबर को होने वाला अखिलेश यादव का बुलंदशहर कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। मामले को लेकर सपा और प्रशासन के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।

रिपोर्ट: मुकेश राजपूत

 

 

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version