नोएडा के सेक्टर-66 स्थित ममूरा गांव के लालडोरा इलाके में बुधवार को भीषण अग्निकांड से हड़कंप मच गया। पांच मंजिला अवैध इमारत में स्कूटी चार्जिंग के दौरान लगी आग ने देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दो युवतियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग झुलस गए।

आग इतनी तेजी से फैली कि इमारत में रहने वाले 50 से अधिक परिवारों के लोग अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया और फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

बताया जा रहा है कि आग स्कूटी की बैटरी चार्जिंग के दौरान स्पार्किंग से लगी, जिसके बाद देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। हादसे में करीब 10 वाहन भी पूरी तरह जलकर राख हो गए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा अग्निकांड का तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लें और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हर संभव कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

इस हादसे ने एक बार फिर शहरों में अवैध निर्माण और अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नोएडा के इस अग्निकांड ने लखनऊ कोचिंग अग्निकांड जैसी घटनाओं की यादें ताजा कर दी हैं, जहां सुरक्षा इंतजामों की कमी के चलते बड़ा हादसा सामने आया था।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version