CM Yogi शनिवार को गाजियाबाद के प्रसिद्ध दूधेश्वर नाथ मंदिर पहुंचे। मंदिर पहुंचकर उन्होंने भगवान शिव का जलाभिषेक किया और पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर के महंत नारायण गिरी ने मुख्यमंत्री का पटका पहनाकर और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।
मुख्यमंत्री ने मंदिर में चल रहे दूधेश्वर नाथ कॉरिडोर निर्माण कार्य की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से परियोजना की प्रगति के बारे में जानकारी मांगी और कांवड़ यात्रा के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में मौजूद वेद विद्यापीठ के छात्रों से बातचीत की और उनकी पढ़ाई तथा सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। वह वेद विद्यापीठ के रजत जयंती समारोह में शामिल होने पहुंचे थे।
इससे पहले शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुरादनगर के रावली रोड स्थित कुशल पाल सिंह त्यागी तेज पाल त्यागी डिग्री कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। यह कार्यक्रम पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी की पुण्यतिथि पर आयोजित किया गया था। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गाजियाबाद को एनसीआर और दिल्ली के विकास का प्रमुख केंद्र बताया।
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था में सुधार, सुशासन और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के कारण गाजियाबाद ने नई पहचान बनाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां सुरक्षा होती है, वहीं विकास और निवेश के अवसर बढ़ते हैं। कार्यक्रम में उन्होंने गाजियाबाद को 868 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 90 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण भी किया और उन्हें जनसेवा के लिए याद किया। उन्होंने कहा कि छह बार विधायक चुना जाना उनकी लोकप्रियता और जनता के विश्वास का प्रमाण है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजनगर एक्सटेंशन स्थित अपनी बहन पुष्पा चौधरी के घर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और परिवार का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
रिपोर्ट- सोनू सिंह

