गोंडा जनपद में रिश्वतखोरी का एक मामला सामने आने के बाद देवीपाटन रेंज के DIG अशोक कुमार शुक्ला भड़क उठे। जनसुनवाई के दौरान एक पीड़ित की शिकायत पर DIG ने तरबगंज थाने के SHO को फोन पर जमकर फटकार लगाई और कहा कि अगर 30 हजार रुपये तुरंत वापस नहीं कराए गए तो कार्रवाई तय है।

पूरा मामला बीते 9 जुलाई का है, जिसका वीडियो अब सामने आया है। तरबगंज थाना क्षेत्र के मन्नीपुरवा गांव निवासी किंग उपाध्याय 9 जुलाई को DIG कार्यालय पहुंचे थे। उस समय DIG अशोक कुमार शुक्ला लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। शिकायतकर्ता किंग ने DIG को बताया कि तरबगंज थाने में तैनात दरोगा ओम प्रकाश यादव ने मारपीट के एक मुकदमे में चार्जशीट लगाने के एवज में उनसे 30 हजार रुपये लिए थे, लेकिन पैसे लेने के बाद दरोगा ने कोर्ट में चार्जशीट की जगह फाइनल रिपोर्ट लगा दी।

शिकायतकर्ता किंग ने बताया कि वह पिछले एक महीने से दरोगा से अपना पैसा मांग रहे हैं। कई बार व्हाट्सएप पर मैसेज भी किए, लेकिन दरोगा ना फोन उठाते हैं, और ना जवाब देते हैं। पीड़ित ने DIG को व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट भी दिखाए। चैट में लिखा था – “आपने मुझसे चार्जशीट लगाने के नाम पर 30,000 लिए थे, लेकिन अंतिम रिपोर्ट भेज दी। “तीस हजार वापस कर दो सर” आज 1 महीने से आप मुझे टहला रहे हो।

सबूत देखने के बाद DIG गुस्से में आ गए और उन्होंने तुरंत तरबगंज SHO श्रीधर पाठक को फोन लगाया। DIG ने कहा “आपके थाने के दरोगा ने चार्जशीट के नाम पर 30 हजार रुपए लिए हैं, बाद में फाइनल रिपोर्ट लगा दी। आप वहां कर क्या रहे हैं? SHO का काम है कि थाने में भ्रष्टाचार न होने पाए। अब इनका पैसा वापस कराओ, नहीं तो तुम्हें सस्पेंड करूंगा। इन लोगों ने भ्रष्टाचार बढ़ा रखा है। ये सब विभाग का नाम खराब करवा रहे हैं। पूरे जोन और पूरे जिले की नाक कटवा रखी है।”

DIG ने SHO को मुकदमे की मेरिट चेक करने को भी कहा। बोले “अगर चार्जशीट का आधार है तो चार्जशीट लगाइए, इनका 30 हजार रुपए तुरंत वापस कराइए, नहीं तो मैं वापस कराऊंगा। उन्हें जेल भेजने का काम आप करिएगा।”

DIG ने कहा कि यदि दरोगा में हिम्मत होती तो वह पूछता कि कौन से पैसे की बात हो रही है। लेकिन वह चुप है, इसका मतलब पैसा लिया गया है। “ऐसा भ्रष्टाचार होगा तो आप सस्पेंड हो जाएंगे” कहकर DIG ने चेतावनी दी है।

शिकायतकर्ता किंग उपाध्याय ने बताया कि 23 जनवरी 2026 को गांव के राजा ने उनकी कार में तोड़फोड़ कर शीशा तोड़ दिया था और मारपीट भी की थी। इस मामले में उन्होंने केस दर्ज कराया था और चार्जशीट के लिए दरोगा से मिन्नतें की थीं। फरवरी में 30 हजार देने के बाद भी काम नहीं होने और चार महीने भटकने के बाद वह DIG के पास पहुंचे। शिकायत के बाद भी पीड़ित का कहना है कि अब तक पैसे वापस नहीं मिले हैं।​

रिपोर्ट- विशाल सिंह (गोंडा)/सोनू सिंह

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version