गोरखपुर में इन दिनों छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग एक बार फिर जोर पकड़ती नजर आ रही है। इस बार यह मुद्दा एक अनोखे और दमदार अंदाज में सामने आया है, जब नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया NSUI की ओर से शहर में पोस्टर लगाकर सरकार से सीधा सवाल पूछा गया। उत्तर प्रदेश NSUI के प्रदेश महासचिव आदित्य शुक्ला की पहल पर लगाए गए इन पोस्टरों में एक बेहद कटाक्षपूर्ण नारा लिखा गया है। “यूपी में छात्र संघ पर ताला, दिल्ली में जीत पर माला… यूपी में छात्र संघ चुनाव बहाल कब होंगे?” यह पंक्ति देखते ही देखते शहर में चर्चा का विषय बन गई और सोशल मीडिया पर भी लोगों का ध्यान खींचने लगी।
पोस्टर के माध्यम से NSUI ने साफ तौर पर यह जाहिर किया है कि प्रदेश के छात्र लंबे समय से छात्रसंघ चुनाव बहाल किए जाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। संगठन का कहना है कि जब देश और प्रदेश की राजनीति में चुनावी जीत के जश्न मनाए जा रहे हैं, तब विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्रों को अपने प्रतिनिधि चुनने के लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित रखा गया है। इस पोस्टर अभियान के जरिए NSUI ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सीधे संबोधित करते हुए सवाल उठाया है कि आखिर प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव कब बहाल किए जाएंगे। संगठन का मानना है कि छात्रसंघ चुनाव न केवल छात्रों को नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर देते हैं, बल्कि यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया का एक अहम हिस्सा भी हैं, जिसे लंबे समय से रोक कर रखा गया है।
यह भी पढ़ें- ट्रक ड्राइवर को तीसरी बार मिला 3.68 करोड़ का इनकम टैक्स नोटिस, कन्नौज का मामला
गोरखपुर में लगाए गए इन पोस्टरों को लेकर छात्र संगठनों के बीच भी हलचल तेज हो गई है। कई छात्र नेताओं ने इस मुद्दे पर समर्थन जताते हुए कहा कि यह मांग केवल एक संगठन की नहीं, बल्कि प्रदेश के लाखों छात्रों की आवाज है। फिलहाल यह देखना दिलचस्प होगा कि सरकार की ओर से इस सवाल पर क्या प्रतिक्रिया आती है और क्या आने वाले समय में छात्रसंघ चुनाव बहाली को लेकर कोई ठोस घोषणा होती है।
रिपोर्ट- सोनू सिंह

