गुलरिहा थाना क्षेत्र की भटहट चौकी के अंतर्गत 22 सितंबर की रात सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे टेंपो ने सामने से बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में युवक के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। बताया गया कि बद्रीश पांडेय उर्फ बृजेश नारायण पांडेय, निवासी चैनपुर, पोस्ट घुघली, जनपद महाराजगंज, मंगलवार रात करीब 10 बजे मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे टेंपो ने कथित तौर पर तेज गति और गलत दिशा में वाहन चलाते हुए उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बद्रीश पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया। परिजनों के मुताबिक उनके हाथ में फ्रैक्चर हुआ है।
परिजनों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद टेंपो की जांच में उसमें शराब बरामद हुई। इसको लेकर भी पुलिस से शराब के अवैध परिवहन के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। घायल के परिजन ने गुलरिहा थाना क्षेत्र की भटहट चौकी में प्रार्थना पत्र देकर टेंपो चालक के खिलाफ लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाने तथा शराब के परिवहन के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि अवैध शराब कहां सप्लाई की जा रही थी और इसके पीछे किसका हाथ है। गोरखपुर पुलिस को अवैध शराब के किंगपिन और उन गुर्गो को भी पकड़ना चाहिए। यूपी में अवैध शराब का कारोबार पड़े स्तर पर किया जाता है। जिसकी वजह से प्रदेश सरकार को प्रति वर्ष कई हजार करोड़ रुपये की राजस्व हानि होती है। प्रदेश में शराब माफिया पर पुलिस से मिलीभगत के आरोप भी लगते रहे हैं।


