हापुड़ थाना देहात क्षेत्र में पति के दोस्त पर महिला के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का गंभीर आरोप लगा है। महिला का आरोप है कि आरोपी ने पहले उसे नशीली कोल्डड्रिंक पिलाकर बेहोश किया और फिर उसके साथ दुष्कर्म कर वीडियो और फोटो बना लिए। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ने कई बार उसके साथ जबरदस्ती की और करीब डेढ़ लाख रुपये भी ऐंठ लिए।

महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी उसके पति का दोस्त था, इसलिए उसका घर पर आना-जाना था। इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।

महिला के मुताबिक, 20 जनवरी 2026 को उसका पति घर पर नहीं था और वह घर में अकेली थी। इसी दौरान गांव असौड़ा निवासी शरीफ, जो मेरठ रोड स्थित आवास विकास इलाके में सब्जी की दुकान करता है, उसके घर पहुंचा। आरोप है कि शरीफ अपने साथ नशीली कोल्डड्रिंक लेकर आया था। महिला का कहना है कि कोल्डड्रिंक पीने के बाद वह बेहोश हो गई। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसकी आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बना ली।

महिला ने आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपी ने वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार डराया। इसके बाद उसने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया और ब्लैकमेल करते हुए करीब 1.5 लाख रुपये भी ले लिए। महिला के मुताबिक, मामला यहीं नहीं रुका। आरोपी अब उस पर अपने एक दोस्त के साथ भी शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। परेशान होकर महिला ने पुलिस से शिकायत की।

महिला की तहरीर के आधार पर थाना देहात पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी शरीफ को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे आरोपी की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में महिला के लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version