Hardoi: घर में पत्नी से हुई लड़ाई, सिक्योरिटी गार्ड पति ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाई, दहल उठा मोहल्ला - Nation27 >

हरदोई: यूपी के हरदोई (Hardoi) में एक घर में पत्नी से मामूली झगड़ा होने के बाद पति ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना कोतवाली शहर क्षेत्र की विकास कॉलोनी की है जहां पति-पत्नी के विवाद ने अचानक खौफनाक रूप ले लिया।

पेट्रोल पंप पर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करने वाले आलोक विक्रम सिंह का पत्नी शिवानी सिंह से किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने के बाद आलोक घर से अपनी दो नाली बंदूक उठा लाए और रिहायशी इलाके में ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। एक के बाद एक गोलियों की आवाज से मोहल्ले में हड़कंप मच गया और लोग दहशत में आ गए। पत्नी ने आनन-फानन पुलिस को सूचना दी।

फायरिंग के बाद फरार

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी पति मौके से फरार हो चुका था। पुलिस ने मौके से दो नाली बंदूक कब्जे में ले ली और फायरिंग की घटना की जांच शुरू कर दी। पत्नी के मुताबिक, पति का काफी गुस्सा आता है।

पिछले करीब 15 दिनों से लगातार विवाद और गाली-गलौज करता आ रहा है। गुरुवार को विवाद बढ़ने के बाद उसने बंदूक निकाल ली और फायरिंग कर दी। रिहायशी इलाके में इस तरह खुलेआम फायरिंग की घटना के बाद आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस फरार सिक्योरिटी गार्ड पति की तलाश में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि फायरिंग कितने राउंड की गई और घटना के पीछे पूरा विवाद क्या था। साथ ही बंदूक के लाइसेंस और उससे जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। गनीमत रही कि फायरिंग की इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन रिहायशी इलाके में बंदूक से कई राउंड फायरिंग ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट: आनंद त्रिवेदी

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Secret Link
Exit mobile version