Lakhimpurkhiri News: लखीमपुर खीरी के खीरी टाउन से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। बारातियों से भरी एक बस हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई, जिससे पूरे वाहन में करंट उतर गया। इस हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना खीरी टाउन के मोहल्ला पट्टी रामदास की है, जहां मोईन खान की बेटी की शादी के लिए पीलीभीत के भिखारीपुर गांव से बारात आ रही थी। जैसे ही बारातियों से भरी बस जैसे ही मोहल्ले के पास पहुंची, सड़क के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से बस टकरा गई।
टक्कर लगते ही बस में तेज करंट फैल गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए कई बाराती बस से कूद गए। हादसे में 20 वर्षीय जीनत गंभीर रूप से झुलस गईं, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं कई बाराती करंट की चपेट में आने से झुलस गए। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरु कर दिया। हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और शांति व्यवस्था कायम की।
बताया जा रहा है कि शादी समारोह में दो अलग-अलग स्थानों से बारात आनी थीं, जिनमें से पीलीभीत वाली बारात की बस में बैठे बाराती हादसे का शिकार हो गये, जबकि दूसरी बारात सीतापुर से आने वाली थी।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और बिजली लाइन की स्थिति की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट- गोपाल गिरी (लखीमपुर खीरी)

