क्या है पूरा मामला?
मीरजापुर। कोतवाली कटरा पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो शातिर स्नैचर आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीनी गई चेन, दो तमंचे, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। घटना में प्रयुक्त टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली है।

चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग कर भागने लगे आरोपी
पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर को कोतवाली कटरा पुलिस जान्हवी तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस द्वारा बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे तेज रफ्तार से दुधनाथ तिराहा होते हुए नटवा की ओर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सद्दाम उर्फ लखेंद्र के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे आरोपी फिरोज आलम को पुलिस ने पकड़ भाग कर पकड़ लिया।

छीनी गई चेन और हथियार बरामद
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायल आरोपी सद्दाम के पास से एक तमंचा, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस तथा पीली धातु की चेन बरामद हुई। फिरोज के पास से एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस मिले है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि एक सितंबर को नटवा तिराहे के पास बाइक सवार बुजुर्ग महिला के गले से चेन छीनकर फरार हुए थे। बरामद चेन उसी घटना से संबंधित बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सद्दाम उर्फ लखेन्दर निवासी सोनभद्र और फिरोज आलम निवासी घोसिया, भदोही के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक सद्दाम का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। घायल आरोपी का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई गई है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version