मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रामनगर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-309 पर नव-निर्मित धनगढ़ी पुल का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुल केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि कुमाऊं और गढ़वाल के बीच विकास का मजबूत सेतु है। पुल के लोकार्पण से उत्तराखंड की अन्य राज्यों से बेहतर कनेक्टिविटी हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान धनगढ़ी नाले में तेज बहाव के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार लोग पानी के बहाव का सही अंदाजा नहीं लगा पाते थे। जिससे यहां कई लोगों की जान भी गई। अब पुल बनने से वर्षों पुरानी यह समस्या समाप्त हो गई है और लोगों को सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो कार्य 60 वर्षों तक देश पर शासन करने वाली कांग्रेस नहीं कर सकी, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने कम समय में पूरा कर दिखाया।
वहीं, 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव अपने निर्धारित समय पर ही होंगे। पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी (एन.डी. तिवारी) से तुलना किए जाने पर उन्होंने कहा कि यह तुलना का विषय नहीं है और उन्होंने स्वयं कभी ऐसी तुलना के बारे में नहीं सोचा।
रिपोर्ट- गोविन्द पाटनी (रामनगर)/सोनू सिंह

