नोएडा: दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा में 16 साल के छात्र आयुष शुक्ला हत्याकांड मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, मामले में दो नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बर्थडे पार्टी में खर्च हुए पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद आयुष की हत्या की गई। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

16 अगस्त को पार्टी में गया था आयुष, 21 अगस्त को मिला शव

परिजनों के अनुसार, आयुष शुक्ला 16 अगस्त को बर्थडे पार्टी में जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद 21 अगस्त को सेक्टर-54 स्थित जंगल के नाले में एक शव बरामद हुआ था। 24 अगस्त को शव की पहचान आयुष शुक्ला के रूप में हुई, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।

ये भी पढ़ें: Noida: 9 दिनों बाद नाले में मिला लापता आयुष का शव, मां ने की आरोपी के एनकाउंटर की मांग

परिजनों ने दोस्तों पर लगाए गंभीर आरोप

आयुष के परिजनों का आरोप है कि उसके दोस्तों ने उसे बर्थडे पार्टी के बहाने घर से बुलाया और फिर उसकी हत्या कर दी। परिवार ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। आयुष की मां ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और एनकाउंटर की मांग की है।

परिवार का कहना है कि जब तक आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। वहीं पुलिस मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाने-बुझाने में जुटी हुई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह और शरीर पर चोट के निशानों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए नाबालिगों से पूछताछ कर रही है और मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।

रिपोर्ट : यूनूस आलम

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version