Moradabad News: नशीला पदार्थ खाने से मौत का मामला सामने आया है। घटना नए मुरादाबाद की है, जहां लिवइन में रहने वाली एक युवती नशीला पदार्थ खाकर थाने पहुंच गई। जिसकी इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। युवती शादीशुदा युवक से प्यार करती थी, और उसके साथ पिछले पांच वर्षों से लिवइन में रह रही थी।
नए मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवती नशीला पदार्थ खाकर थाने पहुंची और उसने लिवइन में रहने वाले उसके प्रेमी पर धोखा देने का आरोप लगाया। युवती की हालत बिगड़ते देख थाना पुलिस ने उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां अत्याधिक नशीले पदार्थ के सेवन से उसकी मौत हो गई।
युवती के पिता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि पहले से शादीशुदा प्रभात सक्सेना ने उनकी पुत्री को अपने प्रेम जाल फंसाया। युवती घर छोड़कर उसके साथ नए मुरादाबाद क्षेत्र में रहने लगी। आरोपी प्रभात सक्सेना पहले से शादीशुदा था, यह बात उसने युवती से छुपाई थी। इस बात का पता चलने के बाद दोनों के बीच झगड़ा रहने लगा। इस दौरान दोनों के बीच समझौते के लिए मंझोला थाने में दोनों की काउंसलिंग हुई थी।
समझौता होने के बाद प्रभात सक्सेना ने युवती के साथ रहने से साफ इंकार कर दिया। जिससे युवती परेशान रहने लगी और आत्मघाती कदम उठाया। युवती के पिता ने मझोला थाने में आरोपी प्रभात सक्सेना के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। फिलहाल पुलिस आरोपी प्रभात सक्सेना कोे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

