LucknowNews :पुरानी और जर्जर इमारत को हटाकर नया भवन बनाने के लिए अलंकार योजना के तहत मिलने वाली सहायता पर्याप्त नहीं पड़ रही है। ऐसे में प्रबंधन ने अतिरिक्त वित्तीय स्रोतों की तलाश शुरू कर दी है। 16 जुलाई को होने वाली सुनवाई में सीएसआर फंड और अन्य संभावित विकल्पों पर भी विस्तार से चर्चा किए जाने की संभावना है। लखनऊ के हुसैनगंज स्थित चुटकी भंडार गर्ल्स इंटर कॉलेज के नए भवन के निर्माण के लिए लगभग तीन करोड़ रुपये की जरूरत बताई जा रही है। इंजीनियरों के अनुमान के अनुसार निर्माण कार्य की कुल लागत इसी के आसपास होगी, जबकि अलंकार योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता इस पूरी आवश्यकता को पूरा करने में सक्षम नहीं है। ऐसे में इस ऐतिहासिक शैक्षणिक संस्थान के सामने नए भवन के निर्माण को लेकर वित्तीय चुनौती खड़ी हो गई है। कॉलेज प्रबंधन के अनुसार विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर अलंकार योजना में चयन होने पर 25 लाख रुपये की सहायता मिल सकती है, जबकि मानकों के अनुरूप भवन निर्माण के लिए कहीं अधिक धनराशि की जरूरत होगी। इसी कारण 16 जुलाई को अदालत में होने वाली सुनवाई के दौरान प्रबंधन इस विषय को भी प्रमुखता से रखेगा। कॉलेज के प्रबंधक पवन वर्मा ने बताया कि अगर कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड से आर्थिक मदद मिल जाए तो नए भवन का निर्माण कार्य काफी आसान हो सकता है। इसके साथ ही विधायक और सांसद निधि से भी सहायता जुटाने के प्रयास किए जा रहे हैं।गौरतलब है कि 20 मई को अदालत के आदेश के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक ने कॉलेज परिसर में नोटिस चस्पा कर भवन को जर्जर घोषित करते हुए उसे खाली कराने के निर्देश जारी किए थे। स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास से भी जुड़ा रहा है कॉलेज : वर्ष 1921 में स्थापित यह कॉलेज स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास से भी जुड़ा रहा है। प्रबंधक के अनुसार स्वतंत्रता सेनानी यहां अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलन की रणनीति तय करते थे। वर्ष 1930 में महात्मा गांधी ने भी इस संस्थान को अपनी चांदी की थाली दान की थी। कॉलेज के संस्थापक कृष्ण वर्मा स्वतंत्रता सेनानी थे और उनकी प्रतिमा आज भी परिसर में स्थापित है।

अलंकार योजना में निर्धारित सहायता राशि
– 300 से 500 विद्यार्थियों पर 25 लाख रुपये
– 501 से 1000 विद्यार्थियों पर 50 लाख रुपये
– 1001 से 1500 विद्यार्थियों पर 75 लाख रुपये
– 1501 से 2000 विद्यार्थियों पर एक करोड़ रुपये
– 2001 से अधिक विद्यार्थियों पर सवा करोड़ रुपये

चुटकी भंडार गर्ल्स इंटर कॉलेज के प्रबंधक पवन वर्मा का कहना है कि भवन निर्माण के लिए तीन करोड़ रुपये चाहिए। अलंकार योजना में इतना बजट नहीं है। सीएसआर फंड की जरूरत पड़ेगी। 16 जुलाई को कोर्ट में भी पक्ष रखेंगे। कॉलेज को यूं नहीं समाप्त होने देंगे।

 

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version