जौनपुर: यूपी के जौनपुर (Jaunpur) में कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार को भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने भीम आर्मी चीफ और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद पर हुए हमले को लेकर विरोध किया। जिलाध्यक्ष भानु भारती के नेतृत्व में दो दर्जन से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट महिपाल सिंह को पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

चंद्रशेखर आजाद पर हमले का आरोप

जिलाध्यक्ष भानु भारती ने कहा कि सांसद चंद्रशेखर आजाद गोंडा में बर्तन कारोबारी विनोद कुमार साहनी हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे थे। इसी दौरान गोंडा पुलिस ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और उनके काफिले पर सामंतवादियों ने हमला किया। उन्हें रोकने का भी आरोप लगाया गया है।

भीम आर्मी ने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेजने और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की भी मांग की है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह घटना गंभीर और चिंताजनक है।

चंद्रशेखर आजाद आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और भीम आर्मी भारत एकता मिशन के संस्थापक हैं। वो नगीना लोकसभा क्षेत्र से सांसद भी हैं। उनका उद्देश्य पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाना और मामले की जानकारी लेना था। इसको लेकर चंद्रशेखर आजाद ने कई मांगें भी रखी हैं.

चंद्रशेखर आजाद की पार्टी की मांगें

1. विनोद कुमार साहनी हत्याकाण्ड और उससे संबंधित पुलिस प्रशासन की कार्यवाही की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय समीक्षा की जाए।
2. पीड़ित परिवार से मुलाकात करने जा रहे सांसद चन्द्रशेखर आजाद को रोकने और उनके साथ किये गये व्यवहार की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच करायी जाए
3. घटना के समय मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों की पहचान कर उनकी भूमिका की जाँच की जाए।
4. सामंतवादियों द्वारा काफिले पर हमला करने की घटना से संबंधित फुटेज, वीडियों रिकार्डिंग, पुलिस वायरलेस सन्देश,और अन्य उपलब्ध अभिलेख सुरक्षित कर दोषियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेजा जाए.
5. विनोद कुमार साहनी हत्याकांड की निष्पक्ष जांच कराते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और दोषियों के विरूद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

रिपोर्ट- विवेक सिंह

 

 

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version