महाराजगंज: यूपी के महाराजगंज (Maharajganj) में दो दुकानदारों के बीच मीट बेचने को लेकर लड़ाई हो गई जिसमें एक छात्र घायल हो गया। दरअसल निचलौल के मिया वार्ड में सोमवार को मांस बेचने वाले दो दुकानदारों में किसी बात पर विवाद हो गया। इसी दौरान एक ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया।
चाकूबाजी में छात्र घायल
इस दौरान चाकू के हमले में रास्ते से गुजर रहा एक छात्र घायल हो गया। घायल छात्र को लोगों की मदद से आननफानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. पुलिस की पूछताछ में पता चला कि शहर के मिया वार्ड में सड़क किनारे मीट बेच रहे दो दुकानदारों में मामूली बात को लेकर कहासुनी हो रही थी।
इस दौरान दोनों दुकानदारों ने एक दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया था जिसकी चपेट में छात्र आ गया था। घायल हुए छात्र की पहचान माड़वाड़ी वार्ड निवासी हरिओम अग्रवाल के रूप में हुई है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
इसी बीच घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे घायल हरिओम के पिता अजय अग्रवाल लोगों की मदद से बेटे को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।
वहीं इस मामले को लेकर थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, मौके पर शांति-व्यवस्था बनी हुई है।
रिपोर्ट: अनुज शुक्ला


