महोबा: यूपी के महोबा में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश एक बुजुर्ग दंपति के लिए काल बन गई। भारी बारिश के चलते कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसके मलबे में दबकर पति-पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना जिले के कोतवाली श्रीनगर क्षेत्र के ग्राम सिजहारी की है. बताया जा रहा है कि 80 साल के चतरा उर्फ चतुर्भुज कुशवाहा और उनकी पत्नी गुदिया घर में मौजूद थे, तभी बारिश के कारण कमजोर हुई मकान की दीवार अचानक गिर गई। दीवार गिरते ही दोनों बुजुर्ग मलबे के नीचे दब गए।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर दंपति को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। बुजुर्ग दंपति की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसडीएम सदर सहित पुलिस बल ने घटनास्थल का जायजा लिया और राहत कार्य शुरू कराया। प्रशासनिक अमले ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

बारिश के मौसम में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से जर्जर मकानों में रहने से बचने और सतर्क रहने की अपील की है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version